विधानसभा में फ्लोर टेस्ट से 26 घंटे पहले देवेंद्र फडणवीस ने कहा- राज्यपाल को इस्तीफा देने जा रहा हूं

महाराष्ट्र का सियासी नाटक महीने भर बाद भी थमा नहीं है। बुधवार को होने वाले फ्लोर टेस्ट से करीब 26 घंटे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि मैं राज्यपाल को इस्तीफा देने जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने सबसे बड़ा जनादेश भाजपा को दिया। हमें 70% और शिवसेना को 40% सीटें मिलीं। उन लोगों ने मोलभाव शुरू किया। हमने साफ कहा था कि जो बात तय ही नहीं हुई। उसकी जिद न करें।


फडणवीस ने कहा- सबसे बड़ा जनादेश भाजपा को मिला, 105 सीटें जीतीं
फडणवीस ने कहा कहा- जनता ने हमारे गठबंधन को बहुमत दिया था और भाजपा को संपूर्ण जनादेश दिया और सबसे बड़े दल के नाते 105 सीटें मिलीं। यह जनादेश भाजपा के लिए था। हमने 70% सीटें जीतीं। शिवसेना सिर्फ अपनी 40% सीटें जीतीं। गठबंधन को जनादेश था ही, लेकिन भाजपा के लिए यह बड़ा जनादेश था। इसका सम्मान करते हुए हमने सरकार बनाने की कोशिश की। दुर्भाग्य यह कि जो बात कभी तय नहीं हुई थी, यानी मुख्यमंत्री पद शिवसेना को देने का प्रस्ताव, उसकी बात होती रही। नंबर गेम में अपनी बारगेनिंग पावर बढ़ सकती है, यह सोचकर उन लोगों ने मोलभाव शुरू किया।